गीत - परम वरदान है हिन्दी

 (14सितम्बर, हिन्दी दिवस पर विशेष प्रस्तुति)

                  गीत

                 *****

परम वरदान है हिन्दी

*****************

है हिन्दी हिन्द का गौरव,

हमारी शान है हिन्दी।

भारती-भाल की बिन्दी,

हमारा मान है हिन्दी।

तराने इसमें आज़ादी के

हम लोगों ने गाये थे।

इसी ने क्राँतिदूतों को

सपन स्वर्णिम दिखाये थे।

सबक स्वाधीनता का इसने

जन-जन को पढ़ाया था।

इसी ने मुल्क़ से अँग्रेज़

शासक को भगाया था।

है आज़ादी की देवी ये,

परम वरदान है हिन्दी।

है हिन्दी हिन्द का गौरव....।

ये जन्मी देववाणी से,

तभी तो देवनागरी है।

भरे गागर में सागर जो,

ये अद्भुत एक गागरी है।

भले उर्दू हो, बँगला हो,

तमिल, कन्नड़ या उड़िया हो।

सभी हिन्दी की बहनें हैं,

मराठी हो, असमिया हो।

हमारी लाड़ली है ये,

गुणों की खान है हिन्दी।

है हिन्दी हिन्द का गौरव....।

धरोहर है ये संस्कृति की,

यही जन-जन की भाषा है।

नहीं क़िस्मत में इस भाषा

की, होना राष्ट्रभाषा है।

ये कैसी है सियासत कि

ये अँग्रेज़ी की दासी है।

ये कैसी है विसंगति कि

ये निज गृह में प्रवासी है।

है सबसे ये समुन्नत और

इक पहचान है हिन्दी।

है हिन्दी हिन्द का गौरव....।

इसी ने एकता के सूत्र

में सबको पिरोया है।

इसी ने चन्दनी-सौरभ

में जन-जन को भिगोया है।

बने हैं विश्व कवि तुलसी,

इसी भाषा के वैभव से।

बनेगी विश्व की भाषा,

ये इक दिन अपने गौरव से।

बस इस पर ख़त्म करता हूँ,

कि हिन्दुस्तान है हिन्दी।

है हिन्दी हिन्द का गौरव....।

*******   

©सर्वाधिकार सुरक्षित। पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

      डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...