गीत - किस तरह तुमको भुला दूँ

 गीत

*****

किस तरह बोलो भुला दूँ

********************

किस तरह बोलो भुला दूँ, मैं तुम्हारा प्यार प्रियतम?

मेरे निश्छल प्रेम का है, क्या यही प्रतिकार प्रियतम? 


पहले तुमने ही हृदय में प्यार का अंकुर जगाया।

पथ में जीवन के तुम्हीं ने साथ मेरे पग बढ़ाया।

मदिर-यौवन घट का अपने मुझको नूतन मधु पिलाया।

फिर मेरी प्यासी तृषा को तुमने ही इतना बढ़ाया। 


किन्तु जब तृष्णा बुझाने मैं तुम्हारे द्वार आया,

तुम ये बोलीं - "तृप्ति पर मेरा नहीं अधिकार प्रियतम!" 


पहले तुमने ही प्रणय का रास मेरे संग रचाया।

धर अधर अधरों पे मेरे कामनाओं को जगाया।

टीस उठती है हृदय में, याद नित आती तुम्हारी।

तुम तो ख़ुशियों में मगन हो, याद क्या तुमको हमारी? 


आग आलिंगन की तेरे, आज भी तन में दहकती,

तुम कहो! कैसे बुझाऊँ जल रहे अंगार प्रियतम? 


तुमने ही इतरा के मुझको अपनी पलकों पर बिठाया।

और काजल की तरह फिर मुझको नयनों में बसाया।

भाल का बेंदा बनाकर सेज पर अपनी सजाया।

मेरे क्वाँरे सपनों संग फिर तुमने ही परिणय रचाया। 


कह रही हो अब - "मिटा दो स्वप्न जो तुमने सँजोये,"

और यह कहती हो - "अब तुम मत करो अभिसार प्रियतम! 


कह रही हो तुम भुला दूँ प्यार के बीते क्षणों को।

उन सुखद अनुभूतियों को, भूल जाऊँ मृदु पलों को।

चुभ रही हैं शब्दवेधी बाण सी बातें तुम्हारी।

और नागिन की तरह ये डस रहीं रातें हमारी। 


क्यों नदी के दो किनारों पर खड़े पछता रहे हम?

मैं विकल हूँ इस किनारे, तुम खड़ीं उस पार प्रियतम! 


मेरे ग़म से ख़ुश रहो तुम, झूम कर ख़ुशियाँ मनाओ।

है शपथ तुमको हमारी, मुस्कुराओ, खिलखिलाओ।

तेरे सुख के वास्ते मैं ग़म का दरिया भी समा लूँ।

और मैं आँखों में अपनी, पूरा सागर ही बसा लूँ। 


यदि ख़ुशी मिलती है तुमको, मिरी आँसुओं की धार से,

तो बहा दूँगा मैं अविरल अश्रु पारावार प्रियतम! 


प्यार पहला हूँ तुम्हारा, ये बताया था तुम्हीं ने।

अन्त तक मैं ही रहूँगा, क़सम खायी थी तुम्हीं ने।

क्या हुई है भूल मुझसे, ये जताना ही पड़ेगा?

क्यों किया छल साथ मेरे, ये बताना ही पड़ेगा? 


साथ जीने और मरने की क़सम खायी थी हमने,

क्यों विलगना चाहती हो, तज मुझे मँझधार प्रियतम!

                             *****

©सर्वाधिकार सुरक्षित। पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

      डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...