गीत - धोखा

 गीत

*****

              धोखा

             ******

कभी रातों को मेरी ज़ीस्त सजाने वाली,

तेरी रातों में मेरी अब भी जगह है कि नहीं?

पूछकर अपने ही दिल से ये बता दे मुझको,

दिल के कोने में तेरे मेरी जगह है कि नहीं।


प्यार के जाल में मुझको यूँ फँसा करके तू,

जाल बुनती रही, बुनती रही, बुनती ही रही।

वफ़ा-फ़रेब तू सरमाया-ओ-हवस के लिए,

सदा छलती रही, छलती रही, छलती ही रही।


मेरी ख़ातिर वो तेरा प्यार जुनूँ की हद तक,

क्या कोई छल था, दिखावा था, कोई धोखा था?

वो तबस्सुम, वो तेरी तर्ज़े-तकल्लुम की अदा,

तेरा अल्ताफ़, समर्पण क्या कोई धोखा था?


तेरे आरिज़, तेरे गेसू, तेरा नाज़ुक सा बदन,

ऐसा लगता है कि सब जैसे कोई धोखा था।

तेरी शोख़ी, अदा, मुस्कान तेरी जादूभरी,

तेरा वो हुस्न, जवानी, वो सभी धोखा था।


क्यों किया साथ मेरे प्यार में तुमने धोखा?

तुम्हीं बतलाओ भला क्या है वफ़ा का ये सिला?

क्यों नहीं बदले वफ़ा के है मिली मुझको वफ़ा?

क्यों नहीं प्यार के बदले में मुझे प्यार मिला?


अरे! अफ़सुर्दा जवानी की जुनूँख़ेज़ महक,

तू किसी ग़ैर की थी बू-ए-गिरफ़्तार अगर।

तूने जलवों की बहारें क्यूँ लुटायीं मुझपर?

मुझपे जालिम जो ढहाने थे तुझे ज़ुल्म अगर।


पर तू फिर जाके वहीं दूर मुझसे यूँ  गिरी,

जैसे गिर जाए कोई सस्ती सी मय की प्याली।

बदचलन हुस्न हो या फिर हो किसी कोठे का,

हर बटोही के लिए रहता हो बिस्तर खाली।


ज़ीस्त नाकाम नहीं प्यार में धोखा जो मिला,

चाहूँ तो तेरे बिना चैन से जी सकता हूँ।

तेरे जैसे ही भरे मय से वो यौवन-प्याले,

पीना चाहूँ तो कहीं और भी पी सकता हूँ।


*****

©सर्वाधिकार सुरक्षित। पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

  डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...