गीत - मैं काँटों के पथ पर चलने वाला राही हूँ।

 गीत

*****

मैं काँटों के पथ पर चलने वाला

**************************

राही हूँ।

******

मैं काँटों के पथ पर चलने वाला राही हूँ,

रुक न सकूँगा पथ तुम कितना ही दुश्वार करो।


इस धूप-छाँव की करके

न परवाह कभी,

चलता रहता हूँ मैं

आँधी-तूफ़ानों में।

ये अविरल पवन चला

करता है साथ मेरे,

गिनती होती मेरी

पागल-दीवानों में।


अब पाँव नहीं रुक पाएगा पथ पर मेरा,

बनकर तुम दीवार भले कितना प्रतिकार करो।


अब भातीं नहीं मुझे

ये फूल सजी राहें,

मैं काँटों पर ही चलता,

उन्हें बिछाता हूँ।

यदि प्रस्तर भी आ

जाये मेरी राहों में,

मैं उससे भी हँस-

हँस करके टकराता हूँ।


सब चूर-चूर हो जाएगा अभिमान तेरा,

'गर हिम्मत हो तो मुझसे आँखें दो-चार करो।


जब तक पाँव न फट

जायें इन राहों पर,

और लहू से माँग न

मंज़िल की भर जाये।

जब तक न हों राहें

ऊँची-नीची-दुर्गम,

तब तक उन पर चलने

का मज़ा नहीं आये।


ये पथरीली चट्टानें भी रोक न पायेंगी,

कण-कण में चाहे तुम कितने ही अंगार भरो।


बहुत हो चुका खेल

ये आँख-मिचौनी का,

वह तेरा प्यार नहीं था,

सिर्फ़ छलावा था।

अब नहीं चाहिए मुझको

तेरी कृपा-दृष्टि,

वह अपनापन भी

तेरा एक दिखावा था।


अब दया नहीं स्वीकार तुम्हारी है मुझको,

नही मिलेगा अवसर अब दिल से खिलवार करो।


वह रसभीगी बतियाँ

तेरी मीठी-मीठी,

तेरे यौवन की चन्द्र-

कलाओं की बारिश।

वह आलिंगन, अभिसार,

वह अधरों का चुम्बन,

क्या सब कुछ थी केवल

तेरी कुत्सित साज़िश।


न चल पाये अब कुटिल अदाओं का जादू,

नख से शिख तक चाहे तुम कितना श्रृंगार करो।


चन्द रजत टुकड़ों पे

लुटाकर प्यार कभी,

मुझ पर नयनों के

तीर चलाया करती थीं।

पर पता नहीं था

निकलेगी यह विष-कन्या,

नागिन फूलों सी बाँह

में जिसके रहती थी।


अब छल से भरा समर्पण भी, छल न पायेगा,

मुझ पर अब चाहे तुम कितने ही उपकार करो।

               ******

©सर्वाधिकार सुरक्षित। पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...