मुक्तक एवं पावस
***************
गीत
***
मुक्तक
********
मुझे सावन के मौसम का तराना याद आता है।
वो छप-छप करके रिमझिम में नहाना याद आता है।
हृदय तल में उमड़ते हैं तुम्हारी याद के बादल,
तुम्हें बचपन में अनजाने सताना याद आता है।
******
पावस गीत
**********
ओ कारे कजरारे बदरा,
जाने कौन देश से आते।
सावन में विरही तन-मन में,
आकर के तुम अगन लगाते।
पपिहारी सी पिया-पिया कह,
नहीं किसी ने दिया नियंत्रण।
और किसी भी मृगनयनी ने,
नहीं दिया कोई आमंत्रण।
मेरी आँख का आँसू देखो,
नहीं बन सका भाल की बिंदिया,
कंचन-कामिनी मधुबाला का,
नहीं मिला कोई आकर्षण।
दर्द का प्याला पी-पी करके,
मैंने अपनी उमर बढ़ाई,
सावन के घन जब भी उठते,
जीवन भर के दर्द सताते।
तुम होतीं तो मेरा यौवन,
प्रेम का मधु रसपान कराता।
तेरे यौवन का रस पीकर,
हृदय तृषित ये तृषा बुझाता।
कलियाँ अगवानी करती औ'
नई बहारें रास रचातीं।
झूम-झूम अँगड़ाई लेकर,
पवन कनखियों से मुस्काता।
उपवन के झुरमुट में छुपकर,
मिलकर क्रीड़ा करते हम-तुम,
सावन के मधुमय मौसम में,
तुमको मेघ-मल्हार सुनाते।
जी करता है बादल बनकर,
उमड़-घुमड़ कर मैं आ जाऊँ।
वर्षा की बूँदें बन करके,
तेरे गालों को छू जाऊँ।
तुमको विस्मृत होगी शायद,
प्रथम मिलन की याद हमारी,
प्रथम मिलन के चुम्बन को मैं,
आकर के फिर से दुहराऊँ।
भरी दुपहरी में जीवन की,
धूप-छाँव से रहे विचरते,
सावन के घन आ आ करके,
तेरे मिलन की याद दिलाते।
मेरी विरह ज्वाल भड़काकर,
मस्ती में तुम बहक रहे हो।
ठहरो ज़रा तरस कुछ खाओ,
क्यों ऐसे तुम चहक रहे हो।
बीच बिजुरियों के तुम्हारे रहते,
मस्ती में झूमा करते हो,
ओ कारे कजरारे बदरा,
नाहक ही तुम भड़क रहे हो।
कितना दर्द दिया है तुमने,
जा करके मैं किसे सुनाऊँ?
जाने कौन जनम का हमसे,
बैर सदा तुम रहे निभाते।
******
©सर्वाधिकार सुरक्षित।
पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।
डॉ. अशोक मधुप,
वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।
नोएडा।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें