गीत - आयी होली

 होली गीत 

********

आयी होली

*********

आयी होली, आयी होली,

सुन-सुनकर मन डोल उठा।

तुमसे मिलन हमारा होगा,

अन्तर्मन यह बोल उठा। 


अनुबन्धों से सम्बन्धों तक,

प्रीति की डोली आएगी।

सारा भुवन महकता होगा,

रंगोली छा जाएगी।

कितने बाद बसन्तों के तुम,

मेरी दुनिया में आओगी,

तेरे-मेरे दिल की धड़कन,

गीत प्यार के गाएगी। 


सतरंगी नयनों के सपने,

देख के मन किल्लोल उठा।

आयी होली, आयी होली,

सुन-सुनकर मन डोल उठा। 


भर पिचकारी रंग डालूँगा,

अंग-अंग रंग जाएगा।

कुछ सकुची, कुछ शरमायी तू,

तन सुर्ख तेरा हो जाएगा।

चोली धानी रंग जाएगी,

चूनर रंग गुलाबी सी,

मेरा रंग तेरे अंग-अंग में,

प्रेम की अगन जगाएगा। 


मेरे मन के साथ तेरा भी,

क्या चंचल मन डोल उठा?

आयी होली, आयी होली,

सुन-सुनकर मन डोल उठा। 


अपनी चूनर के रंग में ही,

कपड़े मेरे भी रंग देना।

साथ तुम्हारे जो पल बीते,

लाज उसी की रख लेना।

मेरा एक निवेदन तुमसे,

भूल न जाना मुझको तुम,

अपने नेह के धागों से तुम,

मेरी चादर भी सिल देना। 


यही सोचकर प्रियतम तन में,

जलतरंग हिल्लोल उठा।

आयी होली, आयी होली,

सुन-सुनकर मन डोल उठा।

******

©सर्वाधिकार सुरक्षित।

पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

  डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...