गीत - प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर

 गीत

 *****

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर!

*************************

अधरों पर मुस्कान लिये,

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर।


जब उमर खड़ी हो यौवन के दोराहे पर,

देख तुम्हें सिन्दूर मिलन का तड़प उठे।

गुनगुना उठें पाजेब पाँव के मन ही

मन,

कंगन विवाह का तुम्हें देख जब मचल उठे। 


सपनों का संसार लिये,

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर। 


हो जाये व्याकुल जब गजरों वाली बेला,

जब रूप सुन्दरी तुम्हें देखकर शरमाये।

सावन की वंशी अधरों पर छेड़े सरगम,

अलिदल फूलों के चुम्बन को जब ललचाये। 


नयनों में मधुमास लिये,

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर। 


अनुभूति नयी हो और मिले स्पर्श नया,

मन व्याकुल हो जब एक नये आलिंगन को।

सम्मोहन और सृजन की मन में चाह लिये,

भावना विकल हो शहनाई के गुंजन को। 


मन में नव उल्लास लिये,

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर। 


खिल उठें अधर जब कमलपँखुड़ी के समान,

रतनारे नयनों का काजल ले अँगड़ाई।

खिल उठे महावर और विहँस जाए मेंहदी,

मचले आँचल के बन्धन में जब तरुणाई। 


कर में स्वागत दीप लिये,

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर। 


चाँदनी रात में तारों के रथ पर सवार,

निर्मोही ढीठ उमर को अपने साथ लिये।

सिन्दूर मिलन का ले आऊँगा रंगमहल,

साँसों की परिणय माला अपने हाथ लिये। 


ख़ुशियों की वरमाल लिये,

प्रिय! मिल जाना तुम द्वारे पर।

******

©सर्वाधिकार सुरक्षित।

पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।  

          

              

             

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...