गीत - तुम मिलन की तरह

 गीत

*****

तुम मिलन की तरह

****************

तुम मिलन की तरह मुझको आकर मिले

और विरह की तरह फिर चले भी गये।

साँस बनकर मेरी आये थे तुम कभी

और उछ्वास बनकर चले भी गये। 


मेरे अधरों पे धर करके अपने अधर,

नाम अधरों पे अपना मेरे लिख दिया।

साँस का साँस से जब हुआ संगमन,

गीत तुमने प्रणय का नया लिख दिया। 


मेरी यादों के झुरमुट में छुप करके तुम,

मेरे गीतों में बसकर कहाँ खो गईं?

उन मधुर पल में नित प्यार अभिसार के,

दे के एहसास नूतन कहाँ खो गईं? 


याद तड़पाती होगी तुम्हें रात-दिन,

भूलकर भी मुझे न भुला पाओगी।

रूठकर तुम चली तो गईं हो मगर,

मेरे ख़्वाबों से बचकर कहाँ जाओगी?  


आओगी लौटकर मुझको विश्वास है,

एक न एक दिन फिर मेरे पास तुम,

मैं उसी क्षण की तब तक प्रतीक्षा में हूँ,

जिस घड़ी ले के लौटोगी विश्वास तुम।

               ******

©सर्वाधिकार सुरक्षित। पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।  

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...