सरस्वती वन्दना
*************
(1)
ममतामयी मातु हे! वीणा लिये,
सुधा सनेह की नित्य पिलाती रहो।
मतिमूढ़ हूँ ज्ञान न रंच मुझे,
नित वीणा के तार मिलाती रहो।
तम-तोम भरे इस जीवन को,
पथ ज्योति भरा दिखलाती रहो।
रस, छन्द, विधान प्रदान करो,
नव काव्य कला सिखलाती रहो।
(2)
हर शब्द में ब्रम्ह है ऐसा सुना,
यह ज्ञान हमें सिखला दीजिए।
क्यों काव्य का जन्म हुआ जननी,
वह मर्म हमें बतला दीजिए।
जिस भाँति महान हुए कवि हैं,
उस ही रस में नहला दीजिए।
कुछ शारदे! हो उपलब्ध मुझे,
सन्मार्ग वही दिखला दीजिए।
*****
©सर्वाधिकार सुरक्षित।
पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।
डॉ. अशोक मधुप,
वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।
नोएडा।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें