गीत
******
गीत अधूरे हैं मेरे
*************
आज अट्ठाइसवाँ सावन है तेरे यौवन का,
आज का दिन ये तुझे ख़ूब मुबारक हो सनम।
आज की रात तेरी उम्र की इस चौखट पर,
दीप दिल का ये मेरे तुझको मुबारक हमदम।
एक ख़्वाहिश है मेरी तुमसे सनम आज के दिन,
मेरे गीतों को इन होठों पे बिठा लेना तुम।
और काजल की तरह मेरे प्यारे हमदम,
अपनी पलकों के किनारों पे सजा लेना तुम।
साधनाओं से बहुत और दुआयें करके,
तुमको पाया है किसी भक्त की मन्नत की तरह।
और सजाया है तुम्हें बाग में अपने दिल के,
अपने सीने में सजाया तुम्हें जन्नत की तरह।
ख़ैर! अब इन तेरी ज़ल्फ़ों की घनी छाँवों में,
भूल जाऊँगा कि था मेरा क्षितिज काला सा।
हूँ तो मैं तुमसे बहुत दूर मेरी जान मगर,
फिर भी तस्वीर के है रंग में उजियारा सा।
दर्द, कसकन, ये चुभन और कचोटन दिल की,
ज़िन्दगी मेरी इसी दर्द के साये में पली।
कौन समझेगा मेरे दर्द के इन गीतों को,
तुम हो अल्हड़ अभी, यौवन से भरी एक कली।
गीत अधूरे हैं मेरे तेरे बिना जीवन के,
मेरी ख़्वाहिश है कि तुम अपना इन्हें स्वर दे दो।
और फिर प्यार के पंछी को ज़रा उड़ने दो,
उसको आज़ाद उड़ानों के लिए पर दे दो।
******
©सर्वाधिकार सुरक्षित।
पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।
डॉ. अशोक मधुप,
वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।
नोएडा।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें