गीत - दिल करता है तुमसे मन की बात कहूँ


गीत

*****

दिल करता है तुमसे मन की बात

**************************

कहूँ

****

दिल करता है तुमसे मन की बात कहूँ,

मन की बात मगर मन में रह जाती है।

तुम्हें पता क्या तुम बिन कैसे दिन बीतें,

दिन बीतें तो रात नहीं कट पाती है। 


पता नहीं कब पौ फूटी, कब शाम हुई?

मन की पीड़ा मन में चारो धाम हुई।

तन्हाई को लादे जीवन भर घूमा,

लेकिन मेरी पूजा भी नाकाम हुई। 


बिखर गया मेरे सपनों का शीशमहल,

अब पुरवा भी ताने कसकर जाती है।

दिल करता है तुमसे .........। 


तुम बैठी हो सुख वैभव की छाँव में।

फँसा हुआ हूँ मैं तो घोर अभावों में।

चाहूँ भी तो पास तेरे कैसे आऊँ,

पड़ी हुई है बेड़ी मेरे पाँवों में। 


आती है जो भी बयार तेरे घर से,

तेरी ख़ुशियों की ख़ुशबू ले आती है।

दिल करता है तुमसे .........। 


पल अतीत के रहते हैं मुझको घेरे।

किस्से सारे रहे अधूरे  बिन तेरे।

फिर भी दूर भला कैसे रह पाओगी?

बसी हुई हो साँसों में, दिल में मेरे। 


अक्सर तेरी याद लिपट कर दामन से,

बनकर नागिन मुझको डसकर जाती है।

दिल करता है तुमसे .........। 


मन के सूने उपवन का सन्नाटापन।

तन्हाई में रहता है अनमन-अनमन।

जबसे चली गई हो मुझसे दूर निठुर,

ठहर गई हैं साँसें, हर धड़कन-धड़कन। 


करनी तो थीं तुमसे बातें बहुत मगर,

तुम बिन बात अधूरी ही रह जाती है।

दिल करता है तुमसे .........।

            ******

©सर्वाधिकार सुरक्षित।

पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा।  

          

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...