मुक्तक
*******
(1)
किस तरह के आवरण में ढल रहा है आदमी।
नित नए एक वातावरण में पल रहा है आदमी।
डालकर नकली मुखौटा आजकल देखो उसे,
किस तरह की राह अब चल रहा है आदमी।
(2)
है अभावों में पलती हुई ज़िन्दगी।
ग़म के दरिया में बहती हुई ज़िन्दगी।
अपनी होके भी अपनी हुई न कभी,
ज़िन्दगी को ये छलती हुई ज़िन्दगी।
(3)
दर्द, कसकन, ये चुभन और कचोटन दिल की।
ज़िन्दगी मेरी इन्हीं दर्द के सायों में पली।
कौन समझेगा मेरे दर्द के इन गीतों को,
तुम हो अल्हड़, अभी यौवन से भरी एक कली।
(4)
दर्द की तस्वीर बनकर
रह गई ये ज़िन्दगी।
कैसे-कैसे ज़ख़्म दिल पर
सह गई ये ज़िन्दगी।
फूल उनके हुस्न का जब-
जब छुआ हमने 'मधुप',
ख़ार की मानिन्द चुभकर
रह गई ये ज़िन्दगी।
******
©सर्वाधिकार सुरक्षित। पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।
डॉ. अशोक मधुप,
वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।
नोएडा।

0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें