गीत - गीत हमारे, बिना तुम्हारे

 

गीत 

****

गीत हमारे, बिना

**************

तुम्हारे

****

              

बस्ती, नगर, गली, घर तेरे,

हर बहार ने की अगुआई,

लेकिन मेरे घर-आँगन में,

पतझड़ था, मधुमास नहीं था। 


पास मेरे तुम आयीं जैसे,

फूलों में ख़ुशबू बस जाये।

तुमने मन को छुआ कि जैसे,

छुअन पुष्पगंधा बन जाये।

कँवल कपोलों पर मँडराते,

घुँघराले केशों के भौंरे,

लहरों सा इठलाता यौवन,

छल-छल-छल मधुघट छलकाये। 


सम्मोहन से रूपजाल तक,

इतने सारे जाल बिछाकर,

कोसों दूर चली जाओगी,

दिल को यह आभास नहीं था। 


तुम आयीं तब लगा कि जैसे,

आया चाँद उतर घर मेरे।

पता नहीं कब प्रणय नगर में,

तुमने आकर डाले डेरे।

उर में आस मिलन की देकर,

दूर गईं तट से धारा सी,

अब यादों के सावन में घन -

सुधियों के रहते हैं घेरे। 


कैसा दर्द दिया निर्मोही,

अब ये सहा नहीं जाता है,

क्या तुमको मेरी पीड़ा का,

रत्तीभर एहसास नहीं था। 


याद तुम्हें भी होंगी वे सब,

सपनों की आज़ाद उड़ाने।

अंकपाश में बैठ के जब तुम,

बुनती थीं सब ताने-बाने।

लगता है अब जैसे कि वह,

साथ तुम्हारा ही सपना था,

या फिर वे सपने ही सारे,

हुए आजकल बहुत सयाने। 


तुम बिन विरह वेदना का अब,

कोई भी उपचार नहीं है,

पर शायद तुमको मेरे संग,

साथ निभाना रास नहीं था। 


संत्रासों में कटी ज़िन्दगी,

जीवन भर भोगी पीड़ायें।

बिन माँझी सी नाव ज़िन्दगी,

अर्थहीन हो गयीं दिशायें।

तुमने गीत बसन्ती गाये,

मैंने दर्द लिखा पतझड़ का,

बोल तुम्हारे छन्द हो गये,

भावों की बन गई ऋचायें। 


गीत हमारे, बिना तुम्हारे,

इसीलिए रह गए अधूरे,

तुझमें थीं सारी उपमायें,

मेरे ढिग अनुप्रास नहीं था।

          ******

©सर्वाधिकार सुरक्षित।

पूर्णतया मौलिक एवं स्वरचित।

डॉ. अशोक मधुप,

वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार, ग़ज़लकार एवं अभिनेता।

नोएडा। 

Share on Google Plus

About Dr. Ashok Madhup

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

गीत - दो महापुरुष, एक भारत

  दो महापुरुष, ********** एक भारत ********* इतिहास ने हमें बुलाया है। ********************* आज फिर भारत की धरती पर, एक पावन दिन आया है। सत्य...